आजमगढ़। पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड के मुख्य गवाह अजीत सिंह की लखनऊ में हत्या के बाद से आजमगढ़ जिला कारागार शासन व प्रशासन के निशाने पर है। आजमगढ़ जेल से ही अजीत हत्याकांड की साजिश रचे जाने का लखनऊ पुलिस द्वारा खुलासा किए जाने के बाद से ही शासन यहां विशेष नजर बनाए है। कुंटू व अखंड के बाद यहां बंद ऊधम सिंह भी अब निशाने पर है। जल्द ही उसे भी आजमगढ़ जेल से अन्यत्र भेजा जा सकता है जिसकी कवायद में प्रशासनिक अमला जुटा हुआ है।
लखनऊ के कठौता चौराहे पर छह जनवरी को मऊ जिले के मोहम्मदाबाद ब्लॉक के पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख व पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड के मुख्य गवाह अजीत सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के दौरान अजीत सिंह के साथ ही गोली लगने से घायल मोहर सिंह ने जिले के कुख्यात अपराधी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह, अखंड प्रताप सिंह के साथ ही वाराणसी के रहने वाले गिरधारी विश्वकर्मा को नामजद किया था। लखनऊ पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद कुंटू व अखंड को जब रिमांड पर लेकर लखनऊ गई तो पूरी साजिश सामने आ गई। लखनऊ पुलिस ने खुलासा किया कि ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू व अखंड प्रताप सिंह ने ही अजीत हत्याकांड की साजिश आजमगढ़ जेल में ही रची। इसी जेल में बंद पश्चिम के कुख्यात अपराधी ऊधम सिंह ने इस हत्याकांड के लिए शूटर उपलब्ध कराए। लखनऊ पुलिस के इस खुलासे के बाद ही आजमगढ़ जेल शासन व प्रशासन के निशाने पर है। कुंटू व अखंड के साथ ही इनके कई सहयोगियों को अन्यत्र जेल स्थानांतरित किया जा चुका है। वहीं वरिष्ठ जेल अधीक्षक रहे आरके मिश्रा को भी मुख्यालय से संबंद्ध कर यहां नए वरिष्ठ जेल अधीक्षक के रूप में विनोद कुमार की तैनाती कर दी गई है। कुंटू व अखंड के साथ तिकड़ी बनाने वाला ऊधम सिंह अभी आजमगढ़ जेल में ही है जिसे अब अन्यत्र जेल में स्थानांतरित करने की बात अंदरखाने से बाहर आ रही है। हालांकि पुलिस व जेल प्रशासन इस मुद्दे पर पूरी तरह से चुप्पी साधे है। सूत्र यही बताते हैं कि जल्द ही ऊधम को भी दूसरी जेल स्थानांतरित कर दिया जाएगा। वरिष्ठ जेल अधीक्षक विनोद कुमार का कहना है कि जैसे ही शासन से ऐसा निर्देश आएगा वैसे ही ऊधम को यहां से दूसरी जेल भेज दिया जाएगा। फिलहाल ऐसा कोई निर्देश नहीं मिला है।
ऊधम सिंह को लेकर क्या कवायद हो रही है, उसे यहां से कहां और कब भेजा जाना है अथवा नहीं भेजा जाना है। यह सब अति गोपनीय मामला है। इस बाबत अभी कुछ भी स्पष्ट रूप से कहना उचित नहीं होगा। जैसा शासन से निर्देश आएगा वैसी कवायद की जाएगी। - सुधीर कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़।