जिले के बरदह, देवगांव और दीदारगंज थाना क्षेत्र के तीन गांव में शुक्रवार की रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसमें तीन रिहाईशी मड़ईयां, एक कच्चा मकान समेत भीतर रखे गए लाखों रुपये के सामान जलकर नष्ट हो गए। गांव के लोगों ने किसी तरह से आग की इन घटनाओं पर काबू पाया।
ठेकमा संवाददाता के अनुसार बरदह थाने के सिसरेड़ी गांव निवासी चंद्रसेन सिंह अपने घर के बगल में कच्चे मकान में भूसा और अनाज रखे थे। शुक्रवार की रात संदिग्धाहाल में आग लगने से 40 क्विंटल भूसा, एक क्विंटल अरहर और दो क्विंटल चना जलकर राख हो गया। अंबारी संवाददाता के अनुसार दीदारगंज थाने के बूंदा गांव निवासी रामबहाल यादव और मीरअहमदपुर गांव निवासी शिवकुमार राम के रिहाईशी मड़ई में चूल्हे की चिंगारी और अज्ञात कारणों से आग लग गई।
तेज धुआं और लपटें उठने पर जानकारी हुई तो लोग आग बुझाने लगे। जब तक आग पर काबू पाया जाता कि दोनों मड़ईयां सहित भीतर रखे गए सामान जलकर नष्ट हो गए। गोसाई की बाजार संवाददाता के अनुसार देवगांव कोतवाली के गुलरिया गांव निवासी नगीना यादव इन दिनों अपना मकान बनवा रहे हैं। इसलिए सारा सामान बाहर मड़ई में रख दिए थे। शुक्रवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। जब तक घटना पर काबू पाया जाता कि भीतर रखे गए करीब दो लाख रुपये के कपड़े, आभूषण, खाद्यान्न जलकर नष्ट हो गया।