आजमगढ़। जनपद से होकर गुजरने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस का लोकार्पण हुए और इस पर गाड़ियों का आवागमन शुरू हुए लगभग पांच माह से अधिक का समय बीत चुका है लेकिन अब तक इस पर यात्री सुविधाओं का विस्तार नहीं हो सका है। अभी इस पर न तो पेट्रोल पंप की स्थापना हुई है ना ही सीएनजी स्टेशन स्थापित हुआ है। हालांकि इस पर यात्रियों के फ्रेश होने के लिए टायलेट ब्लाक का निर्माण जरूर पूरा कर लिया गया है।
लखनऊ से चलकर गाजीपुर तक जाने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की कुल लंबाई 340.8 किमी है। जनपद में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की कुल लंबाई 84 किमी है। यूपीडा द्वारा बहुत की कम समय में इसका निर्माण पूरा किया गया। 16 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुलतानपुर में बने एयर स्ट्रिप से इसका लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद इसे आवागमन के लिए खोल दिया गया है। अभी तक इस पर चलने के लिए यात्रियों केे टोल टैक्स नहीं देना होता था लेकिन अब इस पर आवागमन के लिए एक मई से टोल टैक्स लागू हो रहा है।
विभागीय अधिकारियों की मानें तो 2.45 रुपये प्रति किमी की दर से कार चालकों को टोल टैक्स का भुगतान करना होगा। लेकिन अगर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर यात्री सुविधाओं की बात करें तो अभी तक इस पर यात्री सुविधाओं का विस्तार नहीं हो सका है। अभी इस पर न तो पेट्रोल पंप की स्थापना हुई है और ना ही सीएनजी स्टेशन लगाया गया है। हालांकि यात्रियों की सुविधा के लिए टायलेट ब्लाक का निर्माण पूरा कर लिया गया है। जहां सफर कर आने वाले यात्री फ्रेश हो सकते हैं। वैसे एक महीने के अंदर पेट्रोल पंप स्थापित होने की पूरी होने की संभावना है। जनपद में मात्र एक स्थान किशुनदासपुर में पेट्रोल पंप की स्थापना होगी। जबकि मऊ जनपद के बरडीहा में पेट्रोल पंप स्थापित किया जाएगा। इन जगहों पर टोरेंट द्वारा सीएनजी स्टेशन की स्थापना के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। जल्द ही यहां पर सीएनजी स्टेशन भी स्थापित होगा। सेहदा में टोल प्लाजा का निर्माण का पहले ही पूरा कर लिया गया था लेकिन सठियांव में इसका निर्माण अंतिम चरण में है।
रैंप प्लाजा कंपलीट होने की कगार पर
आजमगढ़। अगर आप गाजीपुर से चले और आपको सठियांव में उतरना है लेकिन आप सठियांव की बजाए सेहदा में उतर रहे हैं। तो आपको सठियांव से सेहदा के बीच का जो अंतर है उसका टैक्स अदा करना होगा। इसके लिए यूपीडा की ओर से रैंप प्लाजा का निर्माण काफी तेजी से किया जा रहा है। जो अंतिम दौर में हैं।
हर किमी पर कैमरे लगाने का काम तेज
आजमगढ़। एक्सप्रेस-वे पर ओवरस्पीड वाहन चलाने वालों पर लगाम लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाने का कार्य भी किया जा रहा है। हर किमी पर कैमरा लगाया जाएगा। इसके लिए आप्टीकल फाइबर बिछाने का कार्य काफी तेजी से किया जा रहा है। अगर कोई निर्धारित गति से अधिक तेज चला तो उसका आटोमेटिक चालान कट जाएगा।
यूपीडा के एई रविंद्र सिंह ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर यात्री सुविधाओं के विस्तार का कार्य काफी तीव्र गति से किया जा रहा है। टायलेट ब्लाक का निर्माण पूरा हो चुका है। किशुनदासपुर में पेट्रोल पंप की स्थापना की जा रही है। जो एक महीने में पूरी हो जाएगी। पेट्रोल पंप के बगल में ही सीएनजी स्टेशन भी स्थापित होगा। जिसके लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। गाड़ियों की स्पीड पर लगाम लगाने के लिए आप्टीकल फाइबर बिछाने का कार्य भी तेजी से चल रहा है।