आजमगढ़। जिले के कई अशासकीय विद्यालयों पर मान्यता से अधिक कक्षाओं और विषयों में प्रवेश लेने व पंजीकरण और परीक्षा फार्म भरने की शिकायतें मिली हैं। समाजिक संगठनों, व्यक्तियों और जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा विभाग से शिकायत की है। कई संस्थाओं को केवल हाईस्कूल या इंटरमीडिएट मानविकी वर्ग की ही मान्यता प्राप्त है, इसके बावजूद वह इंटर स्तर पर अन्य वर्गों व विषयों में भी प्रवेश लेकर छात्रों से पंजीकरण एवं परीक्षा फार्म भरवा रहे हैं। यदि यह शिकायतें सही पाई जाती हैं तो यह नियम विरुद्ध है।
इस पर विभाग ने सख्ती दिखाते हुए आदेश जारी किया है कि जिले के सभी विद्यालयों से उनकी मान्यता की प्रमाणित प्रति संकलित की जाए। साथ ही परीक्षा विभाग से मिलान कराते हुए तत्काल आख्या उपलब्ध कराई जाए, ताकि जांच पूरी कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कुछ विद्यालयों को कला वर्ग की मान्यता है और वह साइंस वर्ग के बच्चों का भी दाखिला लेकर परीक्षा फार्म भरवा रहे हैं। यह नियम विरुद्ध है। इसकी जांच करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। जांच में गलत मिलने पर संबंधित विद्यालयों पर कार्रवाई की जाएगी। - उपेंद्र कुमार, डीआईओएस आजमगढ़।