आजमगढ़। बीट पुलिसिंग की कमजोरी के चलते ही निजामाबाद के नेवादा में बीडीसी सदस्य की हत्या हुई है। ऐसे में बीट पुलिसिंग को मजबूत करने और गांव-गांव चक्रमण कर वहां की समस्याओं व विवादों का निस्तारण कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसा कर के ही हम आगामी पंचायत चुनाव के पहले व बाद में होने वाले घटनाओं पर लगाम लगा सकते है। उक्त बातें एडीजी जोन वाराणसी बृजभूषण ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कही। उन्होंने मातहतों को निर्देशित किया कि अपराध पर लगाम लगाना हमारी पहली प्राथमिकता है। इसके साथ ही अपराधियों पर कार्रवाई में भी तेजी लाए।
एडीएजी जोन ने एक पखवारें के अंदर जिले में हुए आपराधिक घटनाओं व उन पर हुए कार्रवाईयों की समीक्षा की। देवगांव कोतवाली के पिता-पुत्र हत्या कांड, तरवां के प्रधान हत्याकांड व निजामाबाद के बीडीसी हत्याकांड में अब तक की पुलिस की कार्रवाई पर उन्होंने संतोष जताया। कहा कि प्रधान हत्याकांड का एक आरोपी अभी फरार है। वह शातिर अपराधी है। इसके बाद भी उसकी न तो हिस्ट्रीशीट खुली है न ही गैंगेस्टर लगा है। ऐसा क्यो हुआ इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने इसे तत्कालीन एसओ व सीओ की लापरवाही बताते हुए एसपी को निर्देश दिया कि ऐसा क्यो हुआ इसकी जांच करें और जिसकी भी लापरवाही हो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। बैठक में डीआईजी सुभाष चंद्र दूबे, एसपी सुधीर कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी पंकज पांडेय, एसपी आरए सिद्धार्थ, एसपी यातायात सुधीर जायसवाल, सभी सीओ व एसओ मौजूद रहे।
जोन में 1449 पर लगा गैंगेस्टर, 840 की खुली हिस्ट्रीशीट
आजमगढ़। एडीजी जोन ने मीडिया से रुबरू होते हुए बताया कि जोन में अब तक 1449 के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं 840 की हिस्ट्रीशीट खेली गई। 135 गैंग रजिस्टर कराए गए और 309 पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ ही चार का इनकाउंटर भी हुआ। इसी तरह गोकशी करने वाले 250 की हिस्ट्रीशीट खोली गई व 60 गैंग रजिस्टर कराए गए। पशु तस्करी में 662 पर कार्रवाई हुई, 243 पर गुंडा एक्ट लगा व 4 पर रासुका के तहत कार्रवाई की गई। अवैध शराब मामले में 112 पर गैंगेस्टरलगाया गया। 37 पर गुंडाएक्ट लगाने के साथ ही 20 गैंग रजिस्टर कराए गए।
अपराधियों के 58.54 करोड़ संपत्ति हुई सीज
आजमगढ़। एडीजी जोन बृजभूषण ने बताया कि जोन में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जोरशोर से की जा रही है। माफिया मुख्तार अंसारी हो अथवा कुंटू सिंह अथवा जोन का अन्य कोई माफिया हो, सभी के खिलाफ कार्रवाई लगातार चल रही है। अब तक जोन में अपराधियों के कुल 58.54 करोड़ की संपत्ति सीज की गई है। जिसमें आजमगढ़ जिले में ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह की लगभग 9 करोड़ की संपत्ति भी शामिल है।
बरदह डकैती का खुलासा न होने पर जताई नाराजगी
आजमगढ़। एडीजी जोन ने बरदह थाना क्षेत्र के दुबरा बाजार में दिन दहाड़े सर्राफा कारोबारी के यहां हुई डकैती का अब तक खुलासा न होने पर नाराजगी भी जताई। उन्होंने कहा कि क्राइम मिटिंग में मैने एक बार फिर बरदह थाना पुलिस के साथ ही एसपी को निर्देशित किया है कि जल्द से जल्द डकैती की घटना का खुलासा करें। उन्होंने बताया कि तीन अपराधी चिन्हित हो चुके है लेकिन अभी उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। जिसके लिए जनपद पुलिस को जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जो भी पुराने प्रकरण है, उनका खुलासा त्वरित गति से कराया जाए।
गोकशी व तस्करी करने वालों की सीज करें संपत्ति
आजमगढ़। एडीजी जोन ने जनपद पुलिस को निर्देश दिया कि गोकाशी व गो तस्करी में लगे लोगों पर गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई करने के साथ ही उनकी संपत्ति सीज करने की कवायद भी शुरू करें। उन्होंने बताया कि जिले में अबतक 347 व्यक्तियों पर गोकाशी व तस्करी में कार्रवाई की गई है। कार्रवाई का रिकार्ड काफी अच्छा है लेकिन इनके संपत्ति को सीज करने की अब तक कवायद शुरू नहीं हुई है, जो जल्द शुरू करें। ताकि अन्य लोग इस अपराध को करने से बचे। संपत्ति सीज करने की कार्रवाई होने पर निश्चित तौर पर गोकशी व तस्करी पर लगाम लगेगा।