जिला मुख्यालय स्थित सिधारी से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के जीयनपुर बाजार तक शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बुल्डोजर चला।
अतिक्रमण हटाने से पूर्व नापी कर प्रशासन ने अतिक्रमण करने वालों को ताकीद कर उसे हटाने का आदेश दिया था। जिलाधिकारी रणवीर प्रसाद के निर्देश पर जिले में चलाए गए अतिक्रमण अभियान अब असरदार हो गया है।
अभियान के दौरान शुक्रवार को जैसे ही बुल्डोजर अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचा तो लोगों में हड़कंप मच गया। जिला मुख्यालय स्थित सिधारी बाजार में हाइडिल चौक से नरौली जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण हटाया गया।
इसी क्रम में जीयनपुर बाजार में मुख्य चौराहे से सब्जी मंडी रोड और गल्ला मंडी पर अतिक्रमण हटाने के लिए बुल्डोजर चला। बताते चले कि जिस क्षेत्र में बुल्डोजर चलना होता है।
उस क्षेत्र में एक दिन पहले पीडब्लूडी के कर्मचारी बकायदा नापी कर अतिक्रमण किए गए क्षेत्र का आंकलन कर निशान लगाते हैं। इसके बाद उस पर बुल्डोजर चलता है।
शुक्रवार को जीयनपुर बाजार में जहां अतिक्रमण की जद में आने से कई गुमटी और टीन शेड डालकर संचालित होने वाली दूकानें ध्वस्त हुईं।
वहीं, जिला मुख्यालय स्थित सिधारी बाजार में कई स्थाई निर्माण को ध्वस्त किया गया। इसमें अधिकांश मकानों के सामने बनी सीढ़ियां शामिल थीं। जिला मुख्यालय पर कार्रवाई के दौरान पीडब्लूडी के साथ नगर पालिका और विकास प्राधिकरण के अधिकारी कर्मचारी भी उपस्थित थे।