मेंहनगर। थाना क्षेत्र के ग्राम हटवा आईमा में भूमि विवाद को लेकर दो लोगों के खिलाफ पत्थर उखाड़ने, अवैध कब्जे और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। सेवानिवृत्त शिक्षक बाबूराम मौर्य ने अपनी जमीन की पैमाइश के लिए मेंहनगर तहसील में धारा 20/24 के तहत वाद दायर किया था।
विज्ञापन
18 अप्रैल 2024 को राजस्व विभाग के निरीक्षक और पुलिस की मौजूदगी में जमीन पर पत्थर लगाए गए थे। आरोप है कि गांव के ही लालबहादुर यादव और मोहन यादव ने इन पत्थरों को उखाड़कर फेंक दिया और मार्कण्डेय की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने लाठी-डंडों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
बाबूराम मौर्य ने बृहस्पतिवार को मेंहनगर पुलिस को नामजद तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने लालबहादुर यादव और मोहन यादव के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मेंहनगर थानाध्यक्ष अनुराग कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।