आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टर व प्रबंधक के खिलाफ तहरीर दी गई है। जिसमें डॉक्टर की लापरवाही से वृद्ध महिला के मौत का आरोप लगाया गया है। इसके साथ ही मृतका के गले से अस्पताल प्रशासन द्वारा सोने की चेन भी उड़ा दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
शहर कोतवाली में दी तहरीर में कुंवर बहादुर सिंह निवासी शेरशामपुर थाना राजेसुल्तानपुर जिला अंबेडकर नगर ने आरोप लगाया कि उसकी सास मनभावती देवी पत्नी राणा सिंह निवासिनी भीलमपुर थाना महराजगंज की तबीयत 2 अगस्त को खराब हुई थी। जिस पर उसे आजमगढ़ शहर कोतवाली अंतर्गत एक प्राइवेट अस्पताल पर भर्ती कराया गया। अस्पताला पर डॉक्टर ने देखने के बाद दवा आदि लिखा, जिसे खिलाने के बाद हालत सुधरने के बजाए और बिगड़ने लगी। मरीज को रेफर किए जाने की मांग की गई तो अस्पताल प्रशासन ने रेफर भी नहीं किया। तीन को अस्पताल प्रशासन ने मरीज को आईसीयू में डाल दिया। जहां डॉक्टर की लापरवाही के चलते उनकी मौत हो गई। अस्पताल में भर्ती कराए जाने के दौरान वृद्धा गले में सोने की चेन पहने हुई थी जो अस्पताल से बॉडी दिए जाने के दौरान गायब थी। कुंवर बहादुर सिंह ने शहर कोतवाली में दी तहरीर में अस्पताल के डॉक्टर व प्रबंधक को नामजद किया है। वहीं इस प्रकरण में शहर कोतवाली प्रभारी डॉ. केके गुप्ता का कहना है कि मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप है, ऐसे में मृतका के सारे रिकार्ड मांगे गए है। जिसके उपलब्ध होने पर सीएमओ को भेज कर जांच कराइ जाएगी। फिलहाल अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। जांच पड़ताल की जा रही है।