आजमगढ़। दो उचित दर विक्रेताओं के खिलाफ कालाबाजारी की पुष्टि होने पर डीएम के निर्देश पर संबंधित पूर्ति निरीक्षकों ने एफआईआर दर्ज कराई गई है। पहला मामला विकास खंड अहरौला के हमीदपुर और दूसरा मामला विकास खंड ठेकमा के महंगूपुर गांव का है।
दोनों दुकानों पर स्टॉक से गेहूं, चावल और चीनी कम पाई गई। संबंधित थानों की पुलिस एफआईआर पंजीकृत कर जांच पड़ताल कर रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी सीमा सिंह ने बताया कि पहला मामला विकास खंड अहरौला के ग्राम पंचायत हमीदपुर का है, जहां के उचित दर विक्रेता शिव कुमार राम द्वारा खाद्यान्न वितरण में की गई गड़बड़ी की शिकायत पर जांच कराई गई।
पूर्ति निरीक्षक अहरौला द्वारा की गई जांच में विक्रेता के स्टॉक से 22.62 क्विंटल गेहूं, 30.05 क्विंटल चावल एवं 0.31 क्विंटल चीनी कम पाई गई, जिसे प्रथम दृष्टया कालाबाजारी माना गया। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद थाना अहरौला में एफआईआर दर्ज कर दी गई है। दूसरा मामला विकास खंड ठेकमा के ग्राम पंचायत महंगूपुर का है।
यहां उचित दर विक्रेता आद्या सिंह के खिलाफ पूर्ति निरीक्षक ठेकमा ने जांच की। जांच में 26.623 क्विंटल गेहूं, 40.377 क्विंटल चावल और 61 किलोग्राम चीनी कम पाई गई।
विक्रेता द्वारा उपभोक्ताओं के खाद्यान्न में हेराफेरी कर उसे कालाबाजारी में खपाने का संदेह है। जांच के बाद जिलाधिकारी की ओर से 13 जून 2025 को अनुमोदन दिए जाने पर थाना गंभीरपुर में एफआईआर दर्ज की गई है।