आजमगढ़। साइबर क्राइम पुलिस ने निवेश के नाम पर साइबर ठगी की रकम अपने खाते में मंगाने वाले आरोपी रामाश्रय सरोज निवासी सोफीपुर देवगांव को गिरफ्तार किया है। गुजरात में आरोपी के खाते से 13.74 लाख रुपये की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन बरामद किया है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि प्रतिबिंब पोर्टल पर प्राप्त शिकायत की जांच के दौरान संदिग्ध बैंक खाता संख्या 39938214534 के खाताधारक रामाश्रय सरोज को पूछताछ के लिए बुलाया गया। पूछताछ के दौरान बैंक खाते के स्टेटमेंट और तकनीकी विश्लेषण में रामाश्रय सरोज अपने साथी गुड्डू कुमार के साथ साइबर अपराध में संलिप्त पाया गया। साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया। दूसरा आरोपी गुड्डू कुमार बिहार के नालंदा बेलदारीपर गांव का रहने वाला है। जो भाग गया है।
विज्ञापन
इस तरह करते थे ठगी
एसपी ग्रामीण ने बताया कि रामाश्रय सरोज अपने बैंक खाते का उपयोग साइबर ठगी की धनराशि प्राप्त करने के लिए करता था। उसका साथी गुड्डू कुमार साइबर ठगी से प्राप्त रकम रामाश्रय के खाते में भेजता था। रामाश्रय एटीएम से नकदी निकालता था, अपना कमीशन रखने के बाद शेष धनराशि अपने साथी को दे देता था। दोनों मिलकर साइबर ठगी से अवैध आर्थिक लाभ कमाते थे।