अहरौला। स्थानीय थाना क्षेत्र के डाही गांव निवासी एक व्यक्ति ने सीएम व डीजीपी को पत्रक भेज कर अहरौला थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए है। शिकायतकर्ता का कहना है कि अवैध निर्माण की शिकायत करने पर पुलिस सुविधा शुल्क की मांग कर रही थी। मांग पूरी न करने पर उसे डांट-फटकार कर भगा दिया गया।
गांव निवासी महेंद्र यादव पुत्र राम किशुन यादव का कहना है कि उसके घर के बगल में सरकारी जमीन है जो चारागाह के नाम से दर्ज है। उस जमीन पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध निर्माण कराया जा रहा है। इस पर पहले से स्थगन आदेश भी है। राजस्व विभाग की टीम के निर्देश के बाद से काम ठप था लेकिन वर्तमान थानाध्यक्ष के आते ही उक्त सरकारी भूमि पर पुन: निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसकी शिकायत लेकर वह एसओ के पास शनिवार को पहुंचा और एसडीएम बूढ़नपुर के स्थगन आदेश को भी दिखाया लेकिन एसओ ने उसकी एक न सुनी और एक कांस्टेबल के माध्यम से निर्माण कार्य रोकने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगा। सुविधा शुल्क देने से इंकार करने पर उसे डांट कर थाने से भगा दिया गया। पीड़ित ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल के साथ ही डीजीपी से किया है।