आजमगढ़। आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने देवारा के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव के नेतृत्व में किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव, जिला महासचिव इसरार अहमद, रामरूप यादव आदि थे। 12 दिनों से धरनारत बाढ़पीड़ित संघर्ष समिति और देवारा विकास सेवा समिति के साथियों से मिलकर उनके संघर्ष में मदद करने का आश्वासन दिया।
समस्या के स्थायी समाधान के लिए गढ़वल से दोहरीघाट तक कंक्रीट के पक्के बांध के निर्माण और बाढ़ से हुए नुकसान का पर्याप्त मुआवजा और भरपाई की मांग से राज्यसभा सांसद संजय सिंह को फोन पर अवगत कराया। सांसद संजय सिंह ने आश्वस्त किया कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों को लेकर सरकार की लापरवाही और समस्या के स्थायी समाधान के लिए देश के उच्च सदन में आवाज उठाई जाएगी। राजेश यादव ने कहा कि बाढ़ग्रस्त लोगों का दुख असहनीय है। 134 गांवों में मात्र 56 गांव शेष बचे हैं। 78 गांव घाघरा में विलीन हो चुके हैं।