बिंद्राबाजार। गंभीरपुर थाना क्षेत्र निवासी ट्रक चालक रमेश यादव की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है। मृतक के भाई चंद्रिका यादव का कहना है कि साजिश के तहत उनके भाई की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया है।
चंद्रिका यादव ने बताया कि रमेश यादव खजूर से लदा ट्रक लेकर बिहार के गया गए थे। वहां माल कम होने और भुगतान में कटौती को लेकर गया की पार्टी और कमिशन एजेंट के बीच विवाद हो गया। 15 दिसंबर को रमेश यादव ने परिजनों को फोन कर बताया था कि पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद बढ़ गया है और उनके साथ मारपीट की आशंका है। इसके कुछ ही समय बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। काफी खोजबीन के बाद परिजनों को जानकारी मिली कि गया जिले के बेला थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात शव मिला है। परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, लापता ट्रक की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। चंद्रिका यादव ने बताया कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री से लगायत प्रधानमंत्री तक अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।