आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा में चूक, काफिले पर पथराव और बाराबंकी में पुलिस प्रशासन पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए रविवार की शाम पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
नगर के गाजीपुर तिराहा से जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर सांसद की सुरक्षा बढ़ाने और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।
आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवाजी गौतम ने बताया कि सांसद चंद्रशेखर आजाद रविवार को गोंडा जनपद में मृतक विनोद कुमार साहनी और रमेश कोरी के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना देने जा रहे थे।
गोंडा जाते समय रास्ते में बाराबंकी जनपद के रामनगर थाना क्षेत्र में पुलिस बल ने उनके काफिले को रोक दिया और उन्हें आगे न जाने देकर बुढ़वल गेस्ट हाउस ले जाया गया। इस दौरान मौके पर पुलिस और सांसद के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने सांसद के काफिले पर पथराव किया, जिससे वाहनों में तोड़फोड़ हुई और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट भी की गई।
इसके बावजूद पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ तुरंत कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, बल्कि मूकदर्शक बनी रही।
पूरी घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच, घटना स्थल के सीसीटीवी, वीडियो रिकॉर्डिंग और बॉडी-कैम फुटेज को साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित करने की मांग की।
इस दौरान जिला प्रभारी दिवाकर कुमार, सुमंतराव भास्कर, दुष्यंत कुमार निराला, देवेंद्र कुमार डंपी, अनूप कुमार, महिला विंग जिला अध्यक्ष ममता, आशा, रंजीत कुमार गौतम मौजूद रहे। रहे।