महराजगंज (आजमगढ़)। स्थानीय थाना क्षेत्र के नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम गांव में रविवार को हुई आगलगी की घटना की जांच सोमवार की सुबह तक दिख रही थी। जगह-जगह धुंआ उठ रहा था, जिसे बुझाने की कवायद में फायर ब्रिगेड की टीम जुटी हुई थी। अगलगी की इस घटना में पांच सौ की आबादी प्रभावित हुई है। मौके पर प्रशासन ने जो इंतजाम किया है, वह लोगों के लिए नाकाफी साबित हो रहा है।
जनपद का देवरांचल क्षेत्र हर साल आग की विभिषिका झेलता है। रविवार को दिन में एक छोटी सी चिंगारी ने बड़ी घटना को अंजाम दे दिया। 78 परिवार की सवा तीन सौ रिहायशी व अन्य तरह की मड़ई जल कर खाक हो गई। लगभग पांच सौ की आबादी अगलगी की इस घटना से प्रभावित हुई है। तन पर के कपड़ों के अलावा लोगों के पास कुछ भी नहीं बचा है। सोमवार को भी कई घरों के राख से धुंआ उठ रहा था। जिसे बुझाने की कवायद में फायर ब्रिगेड की टीम जुटी हुई थी। अगलगी की घटना में पीड़ित परिवारों की जहां रिहायशी मड़ई जलकर खाक हुई है तो वहीं सिर छुपाने के लिए दूर दूर तक किसी तरह के पेड़ की छांव भी नजर नहीं आ रही है।