हरैया ब्लाक प्रमुख भोलवा देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को ध्वनिमत से पास हो गया। अविश्वास प्रस्ताव पर आयोजित बैठक में 57 सदस्यों ने हिस्सा लिया। जिसमें से 55 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में हाथ उठाकर समर्थन किया।
बताते चलें कि हाल ही में ब्लाक प्रमुख पर मनमानी का आरोप लगाते हुए हरैया विकास खंड के क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम सगड़ी रवि रंजन और उपायुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी बुधवार को हरैया ब्लाक पहुंचे। जहां सबसे पहले ब्लाक सभागार में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर बैठक हुई। बैठक में 57 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने हिस्सा लिया।
बैठक में 55 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में अपने हाथ उठाए। वहीं दो सदस्य अविश्वास प्रस्ताव का विरोध करते हुए सदन से बाहर चले गए। बताते चलें कि हरैया ब्लाक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की कुल संख्या 100 है। जिसमें से एक सदस्य की मृत्यु होने के कारण यह संख्या 99 हो गई। जिसमें 57 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव में भाग लिया।
जिसमें 28 महिला और 29 पुरुष सदस्य शामिल रहे।
इस मौके पर संतोष सिंह, मिस्टर सिंह, निशू सिंह, गुड्डू सिंह, शोभनाथ प्रधान, मिठाई, पुल्लू लाल, सुनील सिंह, सुशील, राजेश, राकेश, रामनाथ आदि उपस्थित थे। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से रौनापार, महराजगंज, जीयनपुर की पुलिस के साथ ही पीएसी और महिला कांस्टेबलों को तैनात किया गया था।