आजमगढ़। कोविड-19 के निर्देशों का दुकानदारों द्वारा कितना पालन किया जा रहा है। इसका निरीक्षण करने के लिए एसडीएम सदर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरव कुमार और एसपी ट्रैफिक शनिवार को सड़क पर उतरे। इस दौरान उन्होंने पहाड़पुर के समीप एक डाइग्नोस्टिक सेंटर को सील किया। पुरानी कोतवाली से लेकर पहाड़पुर तक दुकानों की जांच से दुकानदारों में हड़कंप मच गया और बहुत से दुकानदार दुकानें बंद कर फरार हो गए।
एसडीएम सदर गौरव कुमार और एसपी ट्रैफिक ने पुरानी कोतवाली से दुकानों की जांच शुरू की। इस दौरान उनके द्वारा दुकानों पर मास्क, सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग के साथ ही ग्राहक रजिस्टर को भी देखा गया। जिन दुकानदारों के यह सारी व्यवस्था नहीं मिली उन दुकानदारों का चालान किया गया। साथ ही बिना मास्क लगाए घूम रहे लोगों का भी चालान काटा गया। तकिया होते हुए जब एसडीएम पहाड़पुर की ओर बढ़ तो उन्होंने रास्ते में न्यू लाइफ एंड डायबिटीज डाइग्नोस्टिक सेंटर को देखा। यहां पर लोग बिना मास्क लगाए हुए बैठे थे। कोविड-19 के निर्देशों का यहां पालन नहीं हो रहा है। इस पर उन्होंने डाइग्नोस्टिक सेंटर को सील कराया। इसके साथ ही कई बाइकों का चालान किया और कई वाहनों का सीज करते हुए कोतवाली भेजा गया। इसके साथ ही वह सिधारी पहुंचे और वहां भी जांच की। इस दौरान तीन लोगों मास्क लगाने के बाद भी बहस शुरू कर दी। इस पर उन तीनों के खिलाफ धारा 188 के तहत सिधारी थाने में मुकदमा दर्ज कराया। एसडीएम की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। बहुत से दुकानदार अपने दुकान का शटर गिराकर मौके से फरार हो गए।