यह मामला यूपी के आजमगढ़ का है। अहराैला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, यूट्यूबर ने कहा कि यह मामला निराधार है। मैं कभी भी उस व्यक्ति से नहीं मिला हूं।
आजमगढ़ के अहराैला के एक यूट्यूबर के खिलाफ स्थानीय पुलिस ने फर्जी खबर चलाने का केस दर्ज किया है। पश्चिमपट्टी गांव निवासी रमाकांत राय पुत्र जगदीश ने बीती शाम क्षेत्र के एक यूट्यूबर संचालक पर खबर चलाने के नाम पर पैसा मांगने और पैसा न देने पर विपक्षी के पक्ष में फर्जी खबर चलाने का मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन
पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में रमाकांत राय का आरोप है कि एक जनवरी को उसके पड़ोसी हरिप्रकाश राय और उनके परिजनों द्वारा नाली के विवाद को लेकर मारपीट हो गई थी। इस घटना में उसके पुत्र को गंभीर चोट आई।
इस चोट के कारण उनका पुत्र कोमा में चला गया। पुत्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद तीन जनवरी को अहरौला थाने पर आया तो थाना गेट के बगल में मंदिर के पास राजन यादव उर्फ शिवजनम निवासी हासापुर थाना अहरौला ने रोक लिया और कहा कि तीन हजार रुपये मुझे दे दीजिए, मैं आप के पक्ष में अच्छी खबर चला दूंगा। जिससे आप का मुकदमा दर्ज हो जाएगा, नहीं तो आप ऐसे घूमते रह जाएंगे।
विज्ञापन
कहा कि पुलिस आप के विपक्षियों से मिली हुई है। रमाकांत राय ने यह भी कहा कि जब उसने राजन को पैसा नहीं दिया तो उसने गलत तरीके से वीडियो यूट्यूब पर चलाया। जिसमें हुई मारपीट में खूनी संघर्ष और खून के छींटे और गोली आदि चलने की झूठी खबर को दर्शाया।
कहा कि इससे मेरी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल हुई और आर्थिक नुकसान भी हुआ। शिकायती पत्र के अनुसार राजन यादव पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं यूट्यूब संचालक शिवजन्म यादव का कहना है आरोप निराधार है शिकायत कर्ता से हम कभी मिले ही नहीं।
बोले अधिकारी
शिकायत के आधार पर यूट्यूब संचालक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपों की जांच की जा रही है। क्या सही है क्या ग़लत है। जांच में जो तथ्य सामने आएगा उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। - चिराग जैन, एसपी ग्रामीण।