आजमगढ़। जिले में नकली शराब बिक्री के कारोबार पर लगाम कसने के उद्देश्य से शनिवार को जिले भर में पुलिस और प्रशासनिक टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही।
सगड़ी: पिछले दिनों जनपद की सीमा पर जहरीली शराब से कई लोगों की मौत के मामले को देखते हुए शनिवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी हरकत में दिखे। इस क्रम में सगड़ी तहसील क्षेत्र में एसडीएम सगड़ी गौरव कुमार, सीओ सगड़ी गोविंद स्वरूप बाजपेई और आबकारी टीम के सुनील कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम बनाकर चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसके तहत जीयनपुर और अजमतगढ़ बाजार में अंग्रेजी और देसी शराब की दुकानों का को चेक किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने स्टाक को खंगाला। सीओ सगड़ी गोविंद स्वरूप बाजपेई ने बताया कि किसी भी दुकान में कोई संदिग्ध माल नहीं मिला है। लेकिन प्रशासन की इस कार्रवाई से दुकानदारों व ग्राहकों में अफरा तफरी का माहौल रहा। सरायमीर: उपजिलाधिकारी, निजामाबाद राजीव रतन सिंह, सीओ सदर व आबकारी निरीक्षक निजामाबाद डा. रमेश यादव के नेतृत्व में शराब की दुकानों पर चेकिंग की गई, इस दौरान स्टाक रजिस्टर चेक किया।