22 सितंबर को हुए शंभूपुर हत्याकांड के नौवें दिन बुधवार देर शाम भाजपा और सहयोगी निषाद पार्टी का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने घटना में मारे गए अरविंद सिंह के परिवार से मुलाकात कर पीड़ितों को ढांढस बंधाया।
प्रतिनिधिमंडल में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत सिंह, भाजपा लालगंज जिलाध्यक्ष विनोद राजभर, आजमगढ़ जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, प्रमुख मनीष मिश्रा, प्रमुख अरविंद सिंह, सर्वेश सिंह बिनु, अजय सिंह, हरीश तिवारी और जिला मंत्री रविंद्र सिंह बबलू शामिल रहे।
नेताओं ने अरविंद सिंह की बेटी परी, बेटी शांभवी और भतीजी कशिश से पड़ोसी हरिशंकर उर्फ कोदई के घर मुलाकात की। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत सिंह ने अरविंद सिंह की मां श्यामला देवी को आर्थिक सहयोग के रूप में एक लाख रुपये का चेक दिया।
उन्होंने कहा कि वह पीड़ित बच्चियों की मदद के लिए आगे भी सहयोग करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि मृतक पंडित महेंद्र पाठक और छतौना के गोझा गांव निवासी पंडित अखिलेश मिश्रा के परिजनों को भी एक-एक लाख रुपये का चेक दिया गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद राजभर और ध्रुव सिंह ने कहा कि तीनों पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से अनुमन्य सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों से वार्ता की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।