आजमगढ़। पंडित राहुल सांकृत्यान व महाकवि अयोध्या सिंह हरिऔध के साथ अल्लामा की धरती के नाम से विख्यात आजमगढ़ का मान शुक्रवार को एक बार फिर यहां के नौजवानों ने बढ़ाया। जिले के तीन होनहार आईएएस परीक्षा में स्थान प्राप्त करने में सफल रहे।
आईएएस बनने वालों में बूढ़नपुर तहसील के गहजी निवासी किसान दशरथ सिंह के बेटे सुधीर सिंह ने आईएएस परीक्षा में 528वीं रैंक हासिल की है। नगर क्षेत्र के मड़या मोहल्ला निवासी व्यवसायी संतलाल जायसवाल के पुत्र सचिन जायसवाल ने पहले ही प्रयास में आईएएस परीक्षा में परचम फहराया। सचिन ने 273वीं रैंक हासिल की है। सह विद्यालय निरीक्षक के पर पद कार्य करते हुए विवेकानंद मौर्य ने 735वीं रैंक हासिल की है।
नगर के मड़या मोहल्ला निवासी व्यवसायी संतलाल जायसवाल के होनहार पुत्र सचिन जायसवाल के आईएएस परीक्षा में कामयाब होने की खबर से घर के साथ ही पूरे मोहल्ले में खुशी की लहर दौड़ गई। संतलाल के बेटे सचिन जायसवाल ने प्राथमिक शिक्षानगर केचिल्ड्रेन कालेज से और सातवीं से 12 वीं तक की शिक्षा लखनऊ से पूरी की। इसके बाद वर्ष 2011 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीकाम किया। पढ़ाई के साथ-साथ सचिन आईएएस परीक्षा की तैयारी में जुटे रहे। पहली ही प्रयास 2012 में सचिन ने आईएएस परीक्षा में 273वीं रैंक हासिल की। बेटे की उपलब्धि की खबर मिलते ही परिजनों में खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
बूढ़नपुर तहसील के गहजी (भद्रपुर ) निवासी किसान दशरथ सिंह के बेटे सुधीर सिंह को आईएएस की परीक्षा में 528वीं रैंक मिलने पर गांव के ग्रामीण खुशी से झूम उठे।
होनहार सुधीर सिंह ने प्रारंभिक शिक्षा अपने गांव से ही हासिल की और शंकर जी इंटर कालेज गहजी से इंटर और वर्ष 2001 में कोयलसा डिग्री कालेज से स्नातक किया। आईएएस की तैयारी के लिए इलाहाबाद चले गए। चौथे प्रयास वर्ष 2012 में 528वीं रैंक हासिल कर जिले मान बढ़ाया। दूसरी तरफ जिले में सह विद्यालय निरीक्षक पद पर रहते हुए विवेकानंद मौर्य ने आईएएस की परीक्षा में 735वीं रैंक हासिल की। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बधाई देने वालों का तांता लग गया। विवेकानंद मूल रूप से गोरखपुर जिले के गोपालपुर गांव के रहने वाले हैं। वर्ष 2009 में गंगा प्रसाद मिश्रीलाल इंटर कालेज गोंडा में सहायक अध्यापक पद के लिए चुने गए थे। 31 दिसंबर 2010 को सह जिला विद्यालय निरीक्षक पद हासिल की।