आजमगढ़। जनपद के हड़वा, नीबी बुजुर्ग और कम्हरियां गांव का चयन डिजी प्रोजेक्ट के लिए किया गया है। वर्ष 2018-19 में चयनित इन तीन गांवों में योजना के तहत वाई-फाई, इंटरनेट, बैंक व अस्पताल जैसी सुविधाएं दी जाएगी। कुटीर उद्योग खोलने के लिए सब्सिडी भी दी जाएगी।
फूलपुर ब्लाक से हड़वा, सठियांव से नीबी बुजुर्ग और मेंहनगर से कम्हरियां गांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट डिजिटल इंडिया के तहत तकनीक को बढ़ावा दिया जाएगा। डिजी गांव प्रोजेक्ट के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट के साथ लोगों को डिजिटल शिक्षा भी मिलेगी। कार्य का जिम्मा सीएससी (कामन सर्विस सेंटर ईगवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड) को सौंपा गया है। इसमें इन गांवों में डिजिटल सर्विस एक्टिविटी को बढ़ावा दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, कौशल विकास और स्वास्थ्य सेवा प्रदान की जाएगी। मोमबत्ती, अगरबत्ती, सैनिटरी नैपकिन, एलईडी बल्ब, स्वास्थ्य सेवा इकाइयों आदि कुटीर उद्योगों की स्थापना के लिए सहायता दी जाएगी। महिलाओं को भी सशक्त बनाया जाएगा। कॉमन सर्विस सेंटर डिजिटल सेवाओं के वितरण के माध्यम से लोगों को इग्नू और एनआईओएस दूरस्थ शिक्षा कार्यक्रमों के माध्यम से नामांकन करने में मदद करेंगे। डिजी गांव आधार, बैंकिंग, टेली मेडिसिन, शिक्षा और वित्तीय सेवाओं जैसी सुविधाएं भी शुरू की जाएंगी।
--------------------------
बीएलई के माध्यम से होगा काम
आजमगढ़। योजना के तहत जनपद में चयनित फूलपुर ब्लॉक से हड़वा, सठियांव से नीबी बुजुर्ग और मेंहनगर से कम्हरियां गांव में कार्य कराने की जिम्मेदारी सीएसी ईगवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड को दी गई है। बीएलई के माध्यम से काम कराया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
---------------------------
केंद्र सरकार ने पिछले साल इस योजना की शुरुआत की थी। वित्तीय वर्ष 2018-19 में देशभर से 700 गांवों का चयन किया गया है। जनपद में तीन गांवों का चयन किया गया है। इन गांवों में वाईफाई, आधार, बैंकिंग, टेली मेडिसिन, शिक्षा और वित्तीय सेवाओं जैसी सुविधाएं भी शुरू की जाएंगी। कुटीर उद्योग लगाने के लिए केंद्र सरकार से सब्सिडी भी मिलेगी।
अजय सिंह, डिस्ट्रिक्ट मैनेजर
सीएसी ईगवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड
डिजी गांव प्रोजेक्ट में चयनित हुए तीन गांव