आजमगढ़। यूपी बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई है। आखिरी दिन दोनों पालियों में 977 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सभी परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों से निगरानी में हुईं। अब 16 मार्च से जनपद के तीन केंद्रों पर मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू होगी।
बोर्ड परीक्षा के आखिरी दिन प्रथम पाली में हाईस्कूल की उर्दू, पंजाबी, गुजराती और इंटरमीडिएट की ट्रेड विषय की परीक्षा हुई। वहीं द्वितीय पाली में केवल इंटरमीडिएट की संस्कृत और कृषि विषय की परीक्षा हुई। प्रथम पाली में हाईस्कूल में पंजीकृत 6882 में से 6376 परीक्षार्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि 506 ने परीक्षा छोड़ दी। इंटरमीडिएट की ट्रेड विषय की परीक्षा के लिए पंजीकृत 846 में से 802 ने ही परीक्षा दी, जबकि 44 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में हाईस्कूल के लिए कोई भी परीक्षार्थी पंजीकृत नहीं था।
इंटरमीडिएट की संस्कृत व कृषि विषय के लिए पंजीकृत 6125 में से 5698 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 427 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल नहीं हुए। जिला विद्यालय निरीक्षण मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम और द्वितीय पाली में परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई। बताया कि 22 फरवरी से शुरू हुई परीक्षा नौ मार्च शनिवार को संपन्न हो गई। सभी विषयों की परीक्षाएं शांतिपूर्ण तरीके से कराई गईं। उन्होंने कहा कि अब संभवत 11 मार्च से उत्तर पुस्तिकाओं की वापसी होगी और 16 मार्च से मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं।