अंबारी। मार्टीनगंज तहसील के साधन सहकारी समिति खरसहन कला दीदारगंज के सचिव के खिलाफ खरसहनकला गांव निवासी उमेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री प्रकोष्ठ पर शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें उसने सचिव दिनेश सिंह पर किसानों को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद-बीज उपलब्ध कराने और धन क्रय के दौरान किसानों का धन न खरीदने का आरोप लगाया था। मुख्यमंत्री कार्यालय से इस शिकायत की जांच सीडीओ के पास आई। सीडीओ ने अपर सहकारी अधिकारी फूलपुर धीरेंद्र प्रताप यादव को जांच की जिम्मेदारी दी। बुधवार को जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे और शिकायतकर्ता की उपस्थिति में किसानों को बुला कर पूछताछ करनी शुरू कर दी। जांच के दौरान शिकायत निराधार मिली। इसके पश्चात शिकायत कर्ता मौके से गायब हो गया। किसानों ने जांच अधिकारी को लिखित दिया कि उन्हें सचिव से कोई शिकायत नहीं है। इस दौरान राम अजोर यादव, विजय बहादुर यादव, वीरेंद्र यादव, जगदीश मिश्र, सकलधारी सिंह, मुरलीधर विश्वकर्मा, दयाराम आदि मौजूद रहे।
निजामाबाद। क्षेत्र के मां बुद्धा नेशनल महाविद्यालय में बुधवार को विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसमें स्नातक तृतीय वर्ष के छात्रों को जूनियर छात्रों द्वारा विदाई दी गई। विद्यालय की छात्राओं ने इस दौरान विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि के रुप में मैनेजर अजय यादव मौजूद रहे। उन्होंने विद्यालय से विदा हो रही छात्रो का आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करे ताकि लोगों को ज्ञात हो सके कि उन्हे इस महाविद्यालय में अच्छी शिक्षा मिली है। इस अवसर पर प्राचार्य सुलभ सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. सुमन, छाया राय, मुकेश राय समेत काफी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
मेजवा। फूलपुर स्थित न्यू आक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में बुधवार को होली पर्व पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने जम कर होली का आनंद उठाया। एक दूसरे के साथ अबीर-गुलाल के साथ सूखी होली खेलने के साथ ही बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी मजा लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत डांडिया नृत्य से हुई। इसके साथ ही बच्चों ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति किया। प्रबंधक चंद्रिका प्रसाद यादव ने बच्चों को होली पर्व की महत्ता बतायी और कहा कि होली का पर्व बुराई के रास्ते को छोड़ कर अच्छाई के रास्ते पर चलने का संदेश देता है।