आजमगढ़। कूड़ा निस्तारण के लिए भूमि की समस्या से जूझ रही नगरपालिका को जल्द ही इससे राहत मिलने के आसार नजर आ रहे हैं। सोमवार को एडीएम प्रशासन लवकुश त्रिपाठी ने रानी की सराय विकास खंड के मझगांवा में जमीन का निरीक्षण किया।
बताते चलें कि काफी दिनों से जमीन उपलब्ध न होने के कारण नगरपालिका द्वारा कूड़े को तमसा नदी के किनारे बने बंधे पर गिराया जाता है। जिसे लेकर सामाजिक संगठनों ने कई बार विरोध जताया। जिसे देखते हुए पूर्व एडीएम प्रशासन ने राजस्व विभाग के साथ बैठक कर रानी की सराय विकास खंड के मझगांवा में जमीन की तलाश की। लेकिन उनका स्थानांतरण होने के बाद मामला ठंडा हो गया और नगर पालिका द्वारा पूर्व की भांति कूड़े को बंधे पर गिराया जाने लगा। जब फिर इसका विरोध शुरू हुआ तो सोमवार को एडीएम प्रशासन लवकुश त्रिपाठी ने नगरपालिका ईओ दिनेश चंद्र विश्वकर्मा के साथ जमीन का निरीक्षण किया। ईओ ने बताया कि जमीन का निरीक्षण करने के बाद एडीएम प्रशासन ने जमीन को आरक्षित करने का निर्देश दे दिया है।