आजमगढ़। जिले के विभिन्न विद्यालयों में सोमवार को पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोगों ने पौधे लगाकर लोगों से पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
बूढऩपुर संवाददाता के अनुसार कोयलसा क्षेत्र के सिकहुला स्थित उर्मिला पब्लिक स्कूल में प्रबंधक दिनेश तिवारी की अध्यक्षता में 70 पौधे लगाए गए। प्रधानाचार्य एससी ओझा ने कहा कि हम सभी आज संकल्प ले कि अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे और क्षेत्र को हराभरा रखेंगे। पल्हना संवाददाता के अनुसार भरथीपुर स्थित आजाद पालिटेक्निक विद्यालय में चेयरमैन सुनीता आजाद व लालगंज विधायक आजाद अरिमर्दन सहित छात्र-छात्राओं ने 150 पौधे लगाए। विद्यालय की चेयर मैन सुनीता आजाद ने छात्र-छात्राओं से कहा कि सिर्फ पौधे लगा देने से हमारा आपका कर्तव्य पूर्ण नहीं होती है बल्कि इनकी देखभाल कर उन्हें बड़ा करना पड़ेगा तभी अभियान सफल होगा।
सठियांव संवाददाता के अनुसार प्राथमिक विद्यालय लोहरा में शिक्षकों और बच्चों ने पौधे लगाए। प्रधानाध्यापक रामउजागिर शुक्ला ने कहा कि पेड़ से हमें आक्सीजन मिलता है। अंबारी संवाददाता के अनुसार प्राथमिक विद्यालय अंबारी प्रथम में प्रधान अंबारी डा. सुभाष यादव एवं प्रधानाध्यपक राजेश यादव सहित बच्चों ने 150 पौधे लगाए। डा. सुभाष यादव ने कहा कि हमें अगर जीवन चाहिए तो हमे अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें वृक्ष बनाना होगा।