जिले के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। विद्युत निगम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 69 नए वितरण ट्रांसफार्मरों की स्थापना कराएगा। इसके लिए शासन ने 5.18 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। योजना के क्रियान्वयन से ओवरलोडिंग की समस्या कम होगी और बिजली आपूर्ति व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ एवं निर्बाध हो सकेगी। जिले में विद्युत वितरण व्यवस्था छह खंडीय कार्यालयों के माध्यम से संचालित होती है। अधीक्षण अभियंता घनश्याम ने बताया कि इन खंडों के अंतर्गत विभिन्न श्रेणी के करीब सात लाख उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जा रही है। लगातार बढ़ते विद्युत भार और नए कनेक्शनों के कारण कई स्थानों पर मौजूदा ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। इसके चलते लो-वोल्टेज और बार-बार फॉल्ट जैसी समस्याएं सामने आती हैं।
उन्होंने बताया कि निगम ने ऐसे क्षेत्रों का सर्वे कर, जहां ट्रांसफार्मर क्षमता से अधिक लोड झेल रहे हैं, बिजनेस प्लान के तहत नए वितरण ट्रांसफार्मरों की स्थापना का प्रस्ताव शासन को भेजा था। मंजूरी मिलने के बाद अब जल्द ही स्थापना का कार्य शुरू कराया जाएगा। योजना पूरी होने पर ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। विशेषकर गर्मी और बरसात के दौरान ओवरलोडिंग और फॉल्ट की समस्या में कमी आने से आपूर्ति अधिक स्थिर रहने की उम्मीद है।
जिन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों पर अधिक भार है या जहां उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर नए वितरण ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इससे पुराने ट्रांसफार्मरों पर लोड कम होगा और खराबी की घटनाओं में भी कमी आएगी।
— घनश्याम, अधीक्षण अभियंता।