मेंहनगर। शासन से मनोनीत नोडल अधिकारी डॉ. अमित वर्मा ने शुक्रवार देर शाम तहसील क्षेत्र के अस्थायी गोआश्रयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सेर्रा, मौलानीपुर और मियांपुर बासदेवा गोआश्रय का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सेर्रा में 268, मौलानीपुर में 200 और मियांपुर बासदेवा में 390 गोवंश मिले। नोडल अधिकारी ने उप मुख्य चिकित्साधिकारी मेंहनगर डॉ. वाईके यादव से गलाघोंटू के टीके की जानकारी ली। डॉ. यादव ने बताया कि सभी गोवंशों को टीका लगाया जा चुका है। वर्मा ने बरसात में गोआश्रयों में साफ-सफाई, जलभराव रोकने और मच्छरजनित रोगों से बचाव के लिए दवा छिड़काव के निर्देश दिए। दूसरी ओर, एसडीएम भूपाल सिंह ने कस्बे के वार्ड नंबर 2 अंबेडकर नगर स्थित अस्थायी गोआश्रय का निरीक्षण किया। यहां 145 गोवंश मिले। भूसा और चोकर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध था। हरे चारे के संबंध में ठेकेदार ने बताया कि 4 बीघा बाजरा और 1 बीघा मिक्सचर चारे की बुआई की गई है। प्रतिदिन 15 से 20 क्विंटल चारा उपलब्ध कराया जा रहा है। एसडीएम ने नर, मादा और बछड़ों को अलग रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान 2 बीमार गोवंशों का इलाज उनकी उपस्थिति में कराया गया। उन्होंने बीमार गोवंशों के लिए काऊ मैट लगाने, मच्छरजनित दवा छिड़काव और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।