आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा जिले के 273 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न हुई। कड़ाई के कारण तीसरे दिन 6,450 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। 77,323 परीक्षार्थी शामिल हुए।
परीक्षा के तीसरे दिन सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। उपस्थिति-अनुपस्थिति के आंकड़ों पर नजर डालें तो हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों वर्गों में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि कुछ ने परीक्षा से दूरी बनाई। पहली पाली में हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा आयोजित हुई। इसमें कुल 83,773 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 77,323 उपस्थित रहे, जबकि 6,450 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।
इसी पाली में इंटरमीडिएट की कृषि शस्य विषय की परीक्षा भी हुई, जिसमें 191 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 183 ने परीक्षा दी, जबकि 8 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित की गई। इसमें कुल 80,805 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 75,137 उपस्थित रहे और 5,668 परीक्षार्थियों ने परीक्षा नहीं दी। परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी और नकलविहीन बनाए रखने के लिए सचल दल की टीमें लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करती रहीं। दोनों पालियों में किसी भी परीक्षा केंद्र से नकलची पकड़े जाने की सूचना नहीं मिली। प्रशासन के अनुसार परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।