आजमगढ़। जिला प्रशासन और सिविल सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता के प्रति चलाए जा रहे अभियान के क्रम में रविवार को नगर के दलालघाट में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रशासन ने लोगों से नगर को स्वच्छ बनाने में सहयोग की अपील की। वहीं, रंगकर्मियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
रविवार की सुबह दलालघाट तिराहा घरे-घरे शौचालय बनवावल जाई, नगर के स्वच्छ बनावल जाइ ना के गीत से गूंज उठा। जिला प्रशासन और सिविल सोसाइटी आजमगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता की योजना स्वच्छ भारत मिशन, वृक्षारोपण और नदियों की साफ सफाई आदि को कराए जाने के उद्देश्य से नगर में जनमानस को जागरूक करने के महाभियान में बारिश के बाद भी लोगों की उपस्थिति ने कलाकारों का हौसला बुलंद कर दिया। उत्साह से लबरेज हुनर संस्थान आजमगढ़ के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक परिवर्तन के माध्यम से यह दिखाने का प्रयास किया कि बुरे काम का नतीजा बुरा ही होता है। खुले में शौच करने के कारण जब खुद का लड़का बीमार होता है तब आंख की पट्टी खुलती है और शौचालय का इस्तेमाल करने का संकल्प लेते हैं। नाटक का लेखन और निर्देशन रंगकर्मी सुनील दत्त विश्वकर्मा ने किया। नाटक में रवि चौरसिया, सावन प्रजापति, रवि गोंड, राज आजमी, अमरजीत विश्वकर्मा, सत्यम शर्मा, कौशल प्रजापति, आशुतोष राज ने अपने अभिनय से सभी को प्रभावित किया। वहीं, अरुण सिंह अनाड़ी ने स्वच्छता पर गीत प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने कहा कि आज समय की मांग है कि हर घर में शौचालय हो और सब उसका प्रयोग भी करें। तभी हम आजमगढ़ को ग्रीन सिटी - क्लीन सिटी बना पाएंगे। खुले में शौच मुक्त करा हम नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाएंगे। जन-जन की भागीदारी से हम इसे पूरा करेंगे क्योंकि कीटाणु जनित रोगों का असली कारण खुले में शौच है। मुख्य राजस्व अधिकारी आलोक वर्मा ने कहा कि हम सबको अपनी इज्जत प्यारी होती है, लेकिन हमारी महिलाएं सड़क के किनारे शौच करने जाती हैं। तो शर्म से सिर झुक जाता है। इसलिए शौचालय का हर घर में होना अतिआवश्यक है। सिविल सोसाइटी की ओर से डा. पीयूष सिंह यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर सभासद मुखराम निषाद, मिथुन निषाद, गौरव मौर्य, मंटू कुमार, गोलू निषाद, समाजसेवी अभिषेक जायसवाल, नारी शक्ति संस्थान से पूनम तिवारी, विजय लक्ष्मी मिश्र, सुनील मिश्र, आफ़ताब अहमद आदि उपस्थित थे।