अमिलो। ब्लाक सठियांव के बैठौली गांव स्थित जिला पंचायत संसाधन केंद्र पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला की शुक्रवार को शुरूआत हुई। कार्यशाला का उद्घाटन सीडीओ अभिषेक सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यशाला के दौरान जिला पंचायत संसाधन समिति के सदस्यों को वार्षिक विकास कार्य योजना का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
सीडीओ ने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से जिला पंचायत संसाधन समिति के सदस्यों को काफी जानकारी मिलेगी और फिर इनके माध्यम से आम जनता भी योजनाओं की जानकारी से रूबरू होगी। उन्होंने बताया कि समिति के गठन के पूर्व सदस्य पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। जिस पर पूरे जिले से 250 आवेदन आए थे। जिसमें 74 सदस्यों का चयन किया गया। इन्हीं सदस्यों को इस शिविर में वार्षिक विकास कार्य योजनाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सदस्यों को प्रशिक्षण लखनऊ से आए राजदेव चतुर्वेदी और संजय कुमार दे रहे है। इस अवसर पर मंडलीय उपनिदेशक जिला पंचायत जयदीप त्रिपाठी, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार मिश्रा, खंड विकास अधिकारी जितेंद्र यादव, एडीओ पंचायत विरेंद्र यादव, सुभाष शर्मा, प्रधान राजेश यादव, अनिता यादव, सीमा, विकास, प्रताप आदि मौजूद रहे।