ठेकमा में विद्यार्थियों को अल्बेंडाजोल की दवा देते स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
- फोटो : संवाद
आजमगढ़। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान के तहत बच्चों व किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल का वितरण किया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों, परिषदीय व निजी विद्यालयों तथा स्वास्थ्य इकाइयों के माध्यम से अभियान संचालित हुआ।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने बताया कि जनपद में 21,73,750 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष प्रथम चरण में 12,76,876 बच्चों को दवा दी गई। इस प्रकार कुल 58.70 प्रतिशत कवरेज दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि सठियांव ब्लॉक में सर्वाधिक कवरेज रही। उन्होंने कहा कि जिन ब्लॉकों में लक्ष्य की पूर्ति नहीं हो सकी है, वहां मॉप-अप दिवस पर विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाएगा। डिप्टी सीएमओ / नोडल एनडीडी डॉ. अरविंद चौधरी ने बताया कि कृमि संक्रमण से बच्चों में कुपोषण व एनीमिया जैसी समस्याएं होती हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को दवा दिलाने की अपील की।