सावित्रीबाई फुले राजकीय पॉलिटेक्निक में सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में 536 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इनमें 534 जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह हुआ, जबकि दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और सीडीओ राकेश कुमार पटेल ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देकर सुखमय जीवन की कामना की। शासन की ओर से प्रत्येक जोड़े के विवाह पर एक लाख रुपये की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता दी जा रही है। डीएम ने बताया कि पहले प्रति जोड़ा 51 हजार रुपये की व्यवस्था थी, जिसे बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया है।
इसमें 64 हजार रुपये कन्या के खाते में अंतरित किए जाएंगे। 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाएगी, जबकि 15 हजार रुपये आयोजन की व्यवस्थाओं पर खर्च होंगे। समारोह में ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के पात्र लाभार्थियों ने हिस्सा लिया।
अधिकारियों ने कहा कि योजना जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ सामाजिक समरसता और समानता को बढ़ावा देती है। नवदंपत्तियों और उनके परिजनों ने योजना के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में 11 विकास खंडों और नगरीय क्षेत्रों के लाभार्थियों का विवाह कराया गया। योजना का दूसरा चरण 16 अक्तूबर को आयोजित होगा। डीएम ने पात्र वर-वधुओं से समय से आवेदन करने की अपील की है।
इच्छुक लाभार्थी योजना के पोर्टल www.cmsvy.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। समारोह में एसडीएम सदर अविनाश गौतम, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।