आजमगढ़। जनपद में विश्वविद्यालय स्थापना की मांग को लेकर चल रहे अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट चौराहे पर 200 मीटर लंबे कैनवास पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इसमे बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों, युवाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हस्ताक्षर किया। वी वांट यूनिवर्सिटी इन आजमगढ़ के नारे लगाए।
माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय मंत्री इंद्रासन सिंह ने कहा कि आजमगढ़ मंडल मुख्यालय है। इसके बावजूद यहां विश्वविद्यालय न होना शर्म की बात है। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा जिला इकाई ने विश्वविद्यालय के मुद्दे को अपने एजेंडे में सम्मिलित कर लिया है। जिले के सभी बड़े नेता इसके लिये प्रयत्नशील हैं। नवोदय कालेज के पूर्व प्रधानाचार्य अशोक शुक्ला ने कहा कि आजमगढ़ एकमात्र मंडल मुख्यालय है, जहां एक भी विश्वविद्यालय नहीँ है। रविंद्र नाथ राय ने कहा कि हम सब विश्वविद्यालय के लिये तब तक संघर्ष करते रहेंगे जब तक विश्वविद्यालय की स्थापना नहीं हो जाती। महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा. प्रवेश कुमार सिंह ने कहा कि अधिवक्ता समाज विश्वविद्यालय अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहा है। डा. वेदप्रकाश उपाध्याय, सुनील दत्ता, अशोक श्रीवास्तव, अशोक गुप्ता, राकेश गांधी, प्रवीण कुमार सिंह, डा. सुजीत भूषण, सत्यप्रेम शास्त्री, अमित कुमार सिंह, बालमुकुंद सिंह, विपिन यादव, विनीत सिंह रिशू, अनिल चतुर्वेदी, कन्हैया लाल यादव उपस्थिति रहे।