सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर गलत जानकारी से फेक अकाउंट बनाकर एक युवक सिधारी थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती के साथ फ्लर्ट कर रहा था। जब कुछ हिंदूवादी संगठनों को इसकी जानकारी हुई तो रविवार को युवक को पकड़ लिया और मारपीट कर सिधारी पुलिस के हवाले कर दिया।
भाजपा लालगंज ईकाई के जिला महामंत्री सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़ा गया युवक धर्म बदलकर फेसबुक पर अविनाश राय के नाम से आईडी बनाई थी। इतना ही नहीं वह कलेवा भी हाथ में बांधता था और गले में धार्मिक लॉकेट भी पहनता था। फर्जी अकाउंट से उसने सिधारी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से पहले दोस्ती की।
फेसबुक पर मैसेज के माध्यम से बातचीत शुरू की, फिर उसे असलहे के बल पर आतंकित कर अपहृत कर लिया और अश्लील फोटो आदि बनाने के बाद युवती को वायरल कर देने की धमकी देने लगा। युवक के चंगुल से छूटने के बाद युवती भागकर घर पहुंची तो परिजनों को इसकी जानकारी दी। इस बीच प्रकरण लोगों को पता चला तो वे आग बबुला हो उठे और युवक की खोज करने लगे। रविवार को युवक उनके हाथ लग गया। इसके बाद वे उसे थाने ले आए और पुलिस के हवाले कर दिया।
मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपी भी हिरासत में है। विवेचना की जा रही है, विवेचना में जो मामला सामने आएगा, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राजेश तिवारी, सीओ सिटी, आजमगढ़।