27 एक दुकान से मिठाई का नमूना लेती खाद्य विभाग की टीम। श्रोत -विभाग
आजमगढ़। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मिलावट पर लगाम लगाने के लिए छापामारी कर संदेह के आधार पर नमूने जुटाता है और उन्हें जांच के लिए लैब भेजता है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलावट की पुष्टि होने पर उनके मामले को कोर्ट में पेश कर सजा का निर्धारण कराया जाता है। इसी क्रम में पूर्व में गए नमूनों की रिपोर्ट आने पर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। अधोमानक मिले नमूनों की सुनवाई के दौरान एडीएम प्रशासन की कोर्ट ने 170 मिलावटखोरों पर 31 लाख 83 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। जबकि मानव जीवन के लिए असुरक्षित मिले नमूनों के दो दोषियों को एसीजेएम कोर्ट ने कारावास और 6000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि एक अप्रैल से लेकर आज तक टीम ने कुल 1378 निरीक्षण किए। 488 जगहों पर छापामारी की गई। इस दौरान कुल 493 नमूने लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा गया था। इनमें से 298 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। 105 नमूने मानक पर खरे नहीं उतरे और अधोमानक पाए गए। ऐसे मामलों को सजा का निर्धारण करने के लिए एडीएम प्रशासन की कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। 31 नमूने ऐसे थे मानव के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक थे। वहीं नौ नमूने ऐसे थे जो मिथ्या छाप पाए गए। यानी उनकी एक्सपायरी डेट में परिवर्तन किया गया था। इन मामलों को सजा का निर्धारण करने के लिए एसीजेएम की कोर्ट में पेश किया गया। इन मामलों में सुनवाई के बाद एडीएम प्रशासन की कोर्ट ने 170 मिलावटखोरों पर 31 लाख 83 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। जबकि एसीजेएम कोर्ट ने दो दोषियों को कारावास और 6000 रुपये का अर्थदंड लगाया है।
बर्फी, बूंदी लड्डू के नमूने लिए
आजमगढ़। पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग का मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम को लेकर अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। इस क्रम में टीम ने फूलपुर, भैरोपुर खुर्द और जाफरपुर स्थित मिठाई निर्माण इकाइयों से नमूने लिए। जाफरपुर से बर्फी, भैरोपुर खुर्द से छेने की मिठाई और फूलपुर से बूंदी लड्डू के दो नमूने लिए। अस्वच्छ परिस्थितियों में पाए गए छह हजार रुपये के 30 किग्रा छेना और दो हजार रुपये के दस किग्रा बूंदी के लड्डू को नष्ट किया गया।खाद्य सचल दल ने कुल चार नमूने राजकीय प्रयोगशाला भेजे। अभियान के दौरान अब तक कुल 46 खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए गए हैं। इसके अलावा, 20 नमूनों की मौके पर जांच की गई है। निरीक्षण के दौरान चार खाद्य कारोबारियों के संबंध में सुधार सूचना जारी की गई और सभी प्रतिष्ठानों पर फूड सेफ्टी कनेक्ट एप चस्पा किया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य) आजमगढ़ सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि कार्रवाई दीपावली को ध्यान में रखते हुए निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने जनता से कहा कि वे पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदने से पहले उसकी एक्सपायरी और बेस्ट बिफोर डेट अवश्य जांचें और अत्यधिक रंगीन एवं चमकीली मिठाइयों से परहेज करें। चेकिंग अभियान में दीपक कुमार श्रीवास्तव मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, रजनीश कुमार, गोविंद यादव, सुचित प्रसाद, लालमणि यादव, शील कुमार सिंह आदि शामिल रहे।