आजमगढ़। जनपद की सभी विधानसभाओं में एक जून से विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक जिले में कुल 8613 नए मतदाता शामिल हुए हैं। जबकि 12004 नामों को विलोपित किया गया है। सबसे ज्यादा 1851 मतदाता अतरौलिया में और सबसे ज्यादा 2131 नाम मेंहनगर में विलोपित हुए हैं। मतदाता पुनरीक्षण का यह अभियान अभी 16 जुलाई तक चलना है।
चुनाव आयोग के निर्देश पर एक जून से जनपद में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट हुए, मृत हुए और और डुप्लीकेट मतदाताओं का नाम सूची से हटाने के साथ ही नए मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ा जा रहा है। यह अभियान 16 जुलाई तक चलेगा। इस अभियान के तहत जनपद में अब तक 12004 नामों को अब तक विलोपित किया जा चुका है। जबकि 8613 नए नामों को जोड़ा जा चुका है। अगर विधान सभावार घटाए और बढ़ाए गए नामों की संख्या पर गौर करें तो अतरौलिया में 1851 बढ़े और 671 घटे, गोपालपुर में 339 बढ़े और 1434 घटे, सगड़ी में 196 नाम बढ़े और 1436 घटे, मुबारकपुर में 813 बढ़े और 1575 घटे, आजमगढ़ सदर में 778 बढ़े और 1633 घटे, निजामाबाद में 1067 बढ़े और 929 घटे, फूलपुर में 684 बढ़े और 665 घटे, दीदारगंज में 1370 बढ़े और 1076 घटे, लालगंज में 540 बढ़े ओर 454 घटे जबकि मेंहनगर विधानसभा में 975 बढ़े और 2131 नाम विलोपित किए गए। इस प्रकार अगर देखें तो सबसे ज्यादा 1851 मतदाता अतरौलिया में और सबसे ज्यादा 2131 नाम मेंहनगर में विलोपित हुए हैं।
अभी नामों के घटने और बढ़ने का सिलसिला जारी है। 16 जुलाई को अभियान की समाप्ति के बाद ही यह स्थिति स्पष्ट होगी कि कितने मतदाताओं का नाम 10 विधानसभा क्षेत्रों से विलोपित हुआ है और कितने नए मतदाता शामिल हुए हैं।
बृजेश श्रीवास्तव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी।
मतदाता सूची तैयार करने में जुटा प्रशासन
सगड़ी। तहसील सभागार में अजमतगढ़ ब्लॉक के बीएलओ और सुपरवाइजर की बैठक सोमवार को एसडीएम सगड़ी पंकज कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई। एसडीएम ने मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए निर्देशित किया। शून्य प्राप्ति फार्म वाले बीएलओ पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में अनुपस्थित रहे 10 बीएलओ
लाटघाट। हरैया ब्लाक के बीएलओ की बैठक ब्लाक सभागार में हुई। एसडीएम सगड़ी ने निरंतर मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया के तहत नाम जोड़ने, संशोधन करने, 80 वर्ष से अधिक के मतदाताओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए। मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए निर्देशित किया। शिथिलता होने और अनुपस्थित बीएलओ एवं सुपरवाइजर पर कार्रवाई होगी। तहसीलदार मनोज कुमार, पंकज, राम लखन, आशीष, रविंदर, अखिलेश, लालजी आदर्श मौजूद रहे। इस दौरान 10 बीएलओ अनुपस्थित रहे। कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मतदाता सूची की कमियों को दूर करने का निर्देश
बूढनपुर। तहसील बूढ़नपुर सभागार में सोमवार को तहसीलदार अंबिका चौधरी की अध्यक्षता में बीएलओ की बैठक संपन्न हुई। जिसमें अहिरौला, अतरौलिया, कोयलसा ब्लाक के बीएलओ ने हिस्सा लिया। तहसीलदार ने बताया कि मतदाता सूची में काफी त्रुटियां मिल रही हैं। जैसे नए वोटरों का चयन, मृतक व्यक्ति का नाम वोटर लिस्ट में होना और गांव के पात्र व्यक्तियों का नाम सूची में न होना अनेक त्रुटियां हैं। आप सभी बीएलओ बूथ स्तर और ग्राम स्तर से मतदाता सूची की जानकारी प्राप्त कर सूची में व्याप्त कमियों को दूर करें और नए वोटरों को जोडने का काम करें। इस मौके पर पूजा, अंजलि, सीमा, सुशीला आदि उपस्थित थे।