आजमगढ़। नगर निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटे जिला प्रशासन ने आयोग के निर्देश पर अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों की संख्या में दो की कटौती की है। यह दो मतदान केंद्र अब अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की सूची में शामिल हो गए हैं।
जिले 93 मतदान केंद्रों में से 46 मतदान केंद्र संवेदनशील, 36 मतदान केंद्र अति संवेदनशील और 11 मतदान केंद्रों अति संवेदनशील प्लस में शामिल किया गया था। लेकिन आयोग ने अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों की संख्या और बूथों की संख्या को ज्यादा बताते हुए इसमें कटौती करने का निर्देश दिया। आयोग ने निर्देश दिया उतने ही मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में शामिल किया जाए जो कुल बूथों की संख्या का 10 प्रतिशत हो। आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी से दो मतदान केंद्रों को बाहर करते हुए उन्हें अति संवेदनशील की श्रेणी में शामिल कर दिया गया है। अब जिले में अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या 38 और अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों की संख्या नौ हो गई है। आयोग द्वारा मतदान के दिन संवेदनशील मतदान केंद्रों पर डिजिटल कैमरा, अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर वीडियो कैमरा और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग कराने का निर्णय लिया गया है।
जिले में अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्र
आजमगढ़। मुबारकपुर नगरपालिका में मदरसा बाबुल इल्म मुबारकपुर में बूथ नंबर पांच और मदरसा गर्ल्स निसवां पूरा दुल्हन का बूथ नंबर चार, आजमगढ़ नपा में मदरसा जामेतुर्रशाद का बूथ नंबर छह, प्राथमिक पाठशाला सिधारी का बूथ नंबर चार और प्राथमिक पाठशाला सर्फुद्दीनपुर का बूथ नंबर दो अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में शामिल हैं। नगर पंचायतों में देखें तो जीयनपुर नगर पंचायत के प्राथमिक विद्यालय जीयनपुर प्रथम के बूथ संख्या चार, कटघर लालगंज के श्रीकृष्ण गीता राष्ट्रीय इंटर कालेज लालगंज का बूथ संख्या चार, सरायमीर के जूनियर हाई स्कूल पवई लाडपुर सरायमीर के बूथ संख्या चार और माहुल नगर पंचायत का प्राथमिक पाठशाला पूरामया पांडेय चक खीरू दो का बूथ संख्या दो अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में शामिल हैं।