थाना क्षेत्र के रेड़हा गांव निवासी बैंकमित्र को भी साइबर अपराधियों ने अपना शिकार बनाते हुए उसके खाते से 22 हजार रुपये उड़ाया। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दिया।
अहरौला थाना क्षेत्र के रेड़हा गांव निवासी बृजेश पुत्र रामकरन यूबीआई का बैंकमित्र है। किसी ग्राहक का पैसा पेंडिंग में फंस जाने पर उसने कस्टमर केयर को अपने मोबाइल से फोन किया। लगभग दो घंटे बाद उसके मोबाइल पर फोन आया कि आप की शिकायत दर्ज कर ली गई है और उसका जल्द निवारण हो जाएगा। इसके बाद फोन करने वाले ने खाता नंबर पूछने के बाद कहा कि एक ओटीपी आएगी जिसे बताए गए नंबर पर भेज दे। उसने कस्टमर केयर के दिशा निर्देश के अनुरूप ओटीपी दिए गए नंबर पर भेज दिया। पांच मिनट के अंदर ही बैंकमित्र के खाते से 21 हजार आठ सौ रुपये गायब हो गए। खाते से पैसा निकलने का मैसेज आते ही बृजेश के होश उड़ गए। इस बाबत बृजेश ने अहरौला थाने में अज्ञात साइबर अपराधी के खिलाफ तहरीर दिया है।