आजमगढ़। यातायात नियमों की अनदेखी करना वाहन चालकों को भारी पड़ रहा है। मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस और सिविल पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए उन चार पहिया वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की, जो सामान्य रजिस्ट्रेशन के बावजूद व्यावसायिक उपयोग में लाए जा रहे थे।
एसपी ट्रैफिक विवेक त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के तहत 22 वाहनों का चालान किया गया। इनमें से 14 वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस और 8 पर थानों में तैनात पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई की। प्रत्येक वाहन स्वामी पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, कार्य में शिथिलता बरतने और शून्य चालान करने वाले एक टीएसआई (ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर) को नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
इस संबंध में एसपी ट्रैफिक विवेक त्रिपाठी ने साफ कर दिया है कि भविष्य में नियमों के उल्लंघन पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। वाहन स्वामियों को हिदायत दी गई है कि वे निर्धारित श्रेणी के अनुरूप ही वाहन का उपयोग करें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।