मुबारकपुर। स्थानीय कस्बे में डेढ़ माह से फैला पीलिया का प्रकोप गुरुवार को फिर पांव पसारने लगा। दो दिन की शांति के बाद गुरुवार को फिर नए मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई। मरीजों की संख्या बढ़ने से कस्बावासियों की धड़कन बढ़ गई है। गुरुवार को आधा दर्जन से अधिक नए मरीज सीएचसी तो इतने ही प्राइवेट अस्पतालों पर चिह्नित किए गए। दो की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मुबारकपुर कस्बे में पीलिया का प्रकोप फैले हुए काफी लंबा समय बीत चुका है। नगरपालिका प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे की सारी कवायद अब तक फेल ही साबित हुई है। आठ लोग पीलिया से जहां अपनी जान गवां चुके हैं तो वहीं सरकारी रिकार्ड के अनुसार दो सौ से अधिक लोग इसकी चपेट में हैं। वहीं, प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करा रहे पीलिया रोगियों की बात की जाए तो इनकी संख्या भी तीन सौ से कम नहीं होगी। बीते दो-तीन दिनों में नए मरीजों की संख्या में कमी आई थी। जिस पर लोग राहत की सांस ले रहे थे, लेकिन गुरुवार को एक बार फिर नए मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी देखने को मिली। सीएचसी पर ही आधा दर्जन से अधिक नए मरीज पीलिया से ग्रसित चिह्नित किए गए। इनका इलाज सीएचसी पर चल रहा है। वहीं, इतने ही मरीज प्राइवेट अस्पतालों पर भी मिले हैं। सीएचसी पर पाए गए आधा दर्जन मरीजों में पुरानी बस्ती निवासिनी 18 वर्षीय हेना कौसर पुत्री इफ्तेखार अहमद, 17 वर्षीया शाजिया खातून पुत्री शमसुद्दीन, पूरारानी निवासी 19 वर्षीय गुलशन पुत्र रामचंद्र, 26 वर्षीय सद्दाम हुसैन पुत्र मोहम्मद अहमद, शाह मुहम्मदपुर निवासी 16 वर्षीय मो. शेफा पुत्र मुजाहिद अब्बास, गांधीनगर निवासी 23 वर्षीय सोनू यादव पुत्र रूदल यादव, कटरा मुहल्ला निवासी रकीब पुत्र सुहेल अहमद शामिल है। इनमें शाजिया और सोनू की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।