आजमगढ़। नगर निकाय चुनाव के तहत जिले में पहले चरण में 22 नवंबर को मतदान होना है। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। जिले से मतपत्र लेने के लिए एसओसी के नेतृत्व में टीम दिल्ली रवाना हो चुकी है। जो संभवत: 15 नवंबर को मतपत्र लेकर जिले में पहुंचेगी।
नगर निकाय चुनाव में 22 नवंबर को दो नगरपालिकाओं और 11 नगरपंचायतों अध्यक्ष और वार्ड सदस्य पद के लिए मतदान होगा। एक दिसंबर को मतगणना का कार्य सभी नामांकन स्थलों पर संपन्न कराया जाएगा। मतदान की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जिला प्रशासन जुटा हुआ है। बूथों के निरीक्षण आदि का कार्य पूरा हो चुका है। 15 और 16 नवंबर को डीएवी इंटर कालेज में मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन दो शिफ्टों में किया गया है। वहीं दिल्ली में मतपत्रों की छपाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिसे लेने के लिए जिले से बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी एसपी राय के नेतृत्व में टीम दिल्ली पहुंच चुकी है। जो वहां मतपत्रों की नगरपालिका और नगर पंचायत, वार्डवार जांच करने के बाद मतपत्रों को लेगी। मतपत्रों को लेकर टीम दिल्ली से जनपद के लिए रवाना होगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय और नगरीय निकाय राकेश कुमार सिंह ने बताया कि एसओसी के नेतृत्व में टीम मतपत्र लेने के लिए दिल्ली पहुंच चुकी है। जो संभवत: मतपत्र के साथ 15 नवंबर को वापस लौटेगी।