आजमगढ़। जिले की आरपीएफ ने इमानदारी की मिसाल पेश करते हुए ट्रेन से मिले कीमती सामान और बैग को मंगलवार को बैग मालिक के हवाले कर दिया। आरपीएफ द्वारा सारा सामान और पैसा सकुशल मिलने पर बैग के मालिक ने पुलिस के प्रति अपनी कृतज्ञता जाहिर की।
बताते चलें कि सूरत से चलकर जनपद से होकर गुजरने वाली ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में एक बैग लावारिश हालत में पाया गया था। आरपीएफ पुलिस ने जब बैग को खोलकर देखा तो उसमें 30 हजार रूपये नगद और लगभग 37 हजार रुपये के स्वर्ण और हीरे जड़ित कंगन के साथ कपड़े भी मिले। समाचार में जानकारी होने पर मंगलवार को गुजरात प्रांत के सूरत से शरद कुमार डी शाहा नामक व्यक्ति आरपीएफ के आफिस पहुंचा। उसने प्रभारी निरीक्षक राशिद बेग मिर्जा से मुलाकात की। उसने उन्हें बताया कि वह ताप्ती गंगा एक्सप्रेस से सूरत से अपनी पत्नी के साथ वाराणसी में पूजन-अर्चन के लिए आ रहा था। रास्ते में मध्यप्रदेश के खंडवा में उसका बैग चोरी हो गई। जिसकी रिपोर्ट भी उसने खंडवा रेलवे पुलिस में लिखाई है। इसके बाद राशिद बेग मिर्जा ने खंडवा आरपीएफ पुलिस से सारी जानकारी लेने के बाद इसकी पुष्टि हो जाने के बाद सारे सामान को शरद के हवाले कर दिया। आरपीएफ की इमानदारी पर शरद ने उसके प्रति कृतज्ञता जाहिर की और सामान लेकर खुशी मन से सूरत के लिए रवाना हो गया।