जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के पारीपट्टी गांव में स्थित डीह और सायर की प्रतिमा किसी अराजकतत्वों ने तोड़ दी। साथ ही वहां गंदगी करते हुए दीवारों पर भड़काऊ भाषण लिख दिया। रविवार को इसकी जानकारी होने पर गांव के लोग आक्रोशित हो गए। लोग दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर सीओ सगड़ी पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
पारीपट्टी गांव के सिवान में धार्मिक स्थल डीह और सायर की प्रतिमा स्थापित है। सुरक्षा के लिए लोग बाउंड्री बनाकर गेट भी लगाए हुए हैं। रविवार को गांव के कुछ लोग उस तरफ गए तो गेट टूटा हुआ था और अंदर प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त, गंदगी और दीवालों पर भड़काऊ शब्द लिखा देखकर लोग आक्रोशित हो गए। जानकारी होने पर वहां गांव के तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। लोग दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में वहां सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह जीयनपुर कोतवाली पुलिस के साथ पहुंच गए। सीओ ने तत्काल साफ-सफाई कराते हुए खंडित प्रतिमा को मरम्मत करवाया। साथ ही दोषियों की पहचान कर कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत करा दिया।