आजमगढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद में निकाय चुनाव के लिए तैनात 44 सेक्टर मजिस्ट्रटों से चार नंवबर की शाम तक तक बूथों की सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। इस दौरान मजिस्ट्रेट बूथों पर रैंप, पेयजल, शौचालय, दरवाजा, खिड़की, मार्ग आदि बिंदुओं पर जांच कर अपनी रिपोर्ट देंगे।
निकाय चुनाव से पहले प्रशासन की ओर से बूथों की स्थिति सुधारने की कवायद भी शुरू कर दी गई है। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रटों को जिम्मेदारी सौंपी है। निकाय चुनाव के लिए जिले में कुछ 44 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी की ओर से सभी को अपने सेक्टर में बूथों का दौरान करने को कहा गया है। साथ ही 15 बिंदुओं पर बूथों की सत्यापन रिपोर्ट मांगी गई है। इसमें बार्ड संख्या, मतदान केंद्र संख्या/नाम, मतदेय स्थल की संख्या और नाम, मतादाता, रैंप की स्थिति, मार्ग की स्थिति, पानी की व्यवस्था, छाया की व्यवस्था, मतदेय स्थल किस तल पर है, स्थान की उपलब्धता, दरवाजे-खिड़की की स्थिति, प्रकाश की व्यवस्था, शौचालय की स्थिति, संवेदनशीलता आदि के बारे में जानकारी मांगी गई है। मजिस्ट्रेटों की ओर से ये सभी जानकारी चार नंवबर की शाम तक जिलाधिकारी के सामने पेश करनी है।
निकाय चुनाव से पहले बनाए गए बूथों की स्थिति सही करने के लिए सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट से रिपोर्ट मांगी गई है। ताकि समय रहते कोई अव्यवस्था हो तो उसे दूर कराया जा सके।
चंद्र भूषण सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी