आजमगढ़। ब्लाक प्रमुख मार्टीनगंज की कुर्सी पर खतरा मंडराने लगा है। सोमवार को ब्लाक प्रमुख के खिलाफ जिलाधिकारी के समक्ष अविश्वास प्रस्ताव की नोटिस सौंपी गई। जिस पर जिलाधिकारी ने नोटिस देने वाले सभी बीडीसी सदस्यों का अपने समक्ष परेड कराने का निर्देश दिया है।
पूर्व सांसद रमाकांत यादव के सहयोग से ठाकुर मनोज सिंह ने मार्टीनगंज ब्लाक प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमाया था। 13 अगस्त 2017 को हुए उपचुनाव में उन्हें जीत मिली थी। ठाकुर मनोज सिंह पर कई मुकदमे चल रहे थे, जिसमें पुलिस को उनकी तलाश थी। कई बार शपथ ग्रहण के लिए तिथि तय हुई लेकिन महीनों तक ठाकुर मनोज सिंह निर्वाचित होने के बाद भी शपथ नहीं ले सके।
30 अक्टूबर 2017 को उन्होंने शपथ ग्रहण कर ब्लाक प्रमुख का पदभार संभाला। पदभार ग्रहण करने के बाद ठाकुर मनोज सिंह से एक-एक कर बीडीसी सदस्य दूर होते गए और भाजपा नेता व बीडीसी गौरव सिंह मोनू के साथ लामबंद होने लगे। सोमवार को गौरव सिंह कई समर्थक बीडीसी के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और उनके के समक्ष 78 बीडीसी सदस्यों के बयानहलफी प्रस्तुत करते हुए अविश्वास प्रस्ताव की नोटिस दी।
डीएम ने नोटिस स्वीकार करते हुए सभी 78 सदस्यों का परेड कराने का निर्देश दिया। जिस पर 28 नवंबर को बीडीसी सदस्यों की परेड कराने की तिथि भी नियत हुई है। इस दौरान गौरव सिंह ने कहा कि प्रमुख बनने के बाद से ही ठाकुर मनोज सिंह तानाशाही रवैया अपनाने लगे थे। इसके साथ ही वे सिर्फ अपने कुछ खास लोगों को काम देकर अपना स्वार्थ सिद्ध कर रहे हैं। इस अवसर पर सिकंदर यादव, शिव कुमार, अरविंद कुमार, अभिषेक विश्वकर्मा, रमेश चौरसिया, हंसू, इंद्रजीत, नंदलाल, हरिभजन, पप्पू, सुरेश, इंदल, सुभाष, संजय, अजय, अनीता, महेंद्र, मोहन, योगेश, रामजनम, अब्दुल जव्वाद आदि बीडीसी सदस्य मौजूद रहे।