आजमगढ़। एक तो नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़े है तो जो हो भी रहे है वह मानक की अनदेखी कर कराए जा रहे है। नाली पर पटिया ढालने के काम भी जबरदस्त खेल हो रहा है और जिम्मेदार मौन साधे हुए है। शहर क्षेत्र के पुरानी सब्जीमंडी से गुरूघाट को जाने वाले रास्ते तक सड़क के दोनों पटरियों पर स्थित नाली की रिपेयरिंग व पटिया लगा कर ढकने का कार्य नगर पालिका परिषद द्वारा कराया जा रहा है। एक तो इस कार्य में काफी लेटलतीफी हो रही है तो वहीं मानक की भी अनदेखी की जा रही है। नाली का निर्माण कार्य बीते चार माह से चल रहा है। पहले ठेकेदार ने मानक की अनदेखी कर नाली का निर्माण कराया। वहीं अब नाली पर पटिया ढाला जा रहा है। इस कार्य में भी मानक की अनेदखी की जा रही है। पटिया ढलाई में सरिया का प्रयोग ही नहीं किया जा रहा है। सिर्फ लकड़ी का सांचा लगा कर उस पर बिना सरिया ढाले ही गिट्टी ढाल दी जा रही है। नाली पर मानक के विपरीत हो रही यह ढलाई कितने दिनों तक चलेगी यह आसानी से समझा जा सकता है। लकड़ी का सांचा सड़ते ही बिना सरिया वाली ढलाई टूट कर नाली को जाम कर देगी और शहर वासियों को जल निकासी की समस्या से दो चार होना पड़ेगा। विभागीय सूत्र की माने तो पटिया ढलाई में एक, दो और चार का मानक होता है। इसके साथ ही सरिया का भी इस्तेमाल किया जाना आवश्यक है। एक, दो व चार का मतलब एक कढ़ाई सिमेंट, दो कढ़ाई गिट्टी व चार कढ़ाई बालू का प्रयोग होता है। इस मानक की पूरी तरह से अनदेखी की जा रही है।
मेरे संज्ञान में अभी मामला नहीं है, फिर भी यदि नाली पर पटिया ढलाई कार्य में मानक की अनदेखी की जा रही है तो इसकी जेई के माध्यम से जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा निश्चित तौर पर उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
शीला श्रीवास्तव, चेयरमैन, नपा आजमगढ़।