आजमगढ़। नगर पालिका परिषद की सफाई व्यवस्था अब तक पूरी तरह से नहीं सुधर सकी है। शहर के पुरानी कोतवाली क्षेत्र में दो दिनों से कूड़ा न उठाये जाने और साफ सफाई नहीं होने का आरोप वहां के सभासद ने ही लगाया है। इतना ही नहीं आम जनता का कहना है कि नपा प्रशासन की दुर्व्यवस्था के चलते उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। डंपिंग ग्राउंड का रास्त न होने के चलते नपा की सफाई व्यवस्था की स्थिति अत्यंत ही चौपट हो गई थी। जिलाधिकारी की सख्ती के बाद नपा प्रशासन जागा और व्यवस्था में सुधार की कवायद भी शुरू की, लेकिन अभी पूरी तरह से सफाई व्यवस्था दुरूस्त नहीं हो सकी है। शहर के आसिफगंज वार्ड का काफी बुरा हाल है। इस वार्ड के पुरानी कोतवाली क्षेत्र में स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। दो दिनों से कूड़ा नहीं उठाया गया है, जिससे राहगीरों का राह चलना मुश्किल हो गया है। वहीं नाली और गलियों में सफाई भी नपा के सफाई कर्मचारियों द्वारा नहीं की जा रही है। इतना ही नहीं स्थानीय लोग भी नपा प्रशासन की व्यवस्था पर अंगुल उठा रहे है और जल्द व्यवस्था में सुधार न होने की स्थिति में आंदोलन की भी चेतावनी दे रहे है।
सफाई व्यवस्था की स्थिति अत्यंत ही खराब स्थिति में है। पूरे वार्ड में जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा हुआ है। आगामी त्यौहारों को छोड़े अभी स्वतंत्रता दिवस पर ही वार्ड क्षेत्र में साफ-सफाई करवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल ईओ-चेयरमैन से तो शिकायत नहीं किया लेकिन स्थानीय जमादार से जब समस्या पूछी तो उसने सफाई कर्मचारियों के छुट्टी पर होने की बात कही। लगता है अब चेयरमैन और ईओ से भी शिकायत करनी पड़ेगी तभी व्यवस्था में सुधार होगा।
परवेज आलम, सभासद आसिफगंज वार्ड, नपा-आजमगढ़।
ऐसा नहीं है, शहर में कहीं भी कूड़े का ढेर नहीं है और प्रति दिन साफ-सफाई कराने के साथ ही कूड़ा उठाया जा रहा है। जहां कहीं भी कूड़ा लगा हुआ है, निश्चित तौर पर वहां कूड़ा उठने के बाद किसी ने कूड़ा फेंक दिया होगा। वैसे मै अपने स्तर से दिखवाता हूं यदि ऐसी बात है तो निश्चित तौर पर व्यवस्था दुरूस्त की जायेगी।
वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, ईओ, नपा-आजमगढ़।