सगड़ी। तहसील क्षेत्र के नगर पंचायत जीयनपुर कार्यालय से सोमवार को गाजे बाजे के साथ एसडीएम पंकज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पॉलिथीन की शवयात्रा निकाली गई। शव यात्रा को पूरे नगर पंचायत का भ्रमण कराया गया। शव यात्रा में गुरुकुल पब्लिक स्कूल जीयनपुर की छात्र-छात्राएं और नगर पंचायत के लोग साथ चल रहे थे। स्लोगन लिखी तख्तियों और नारे से लोगों को जागरूक किया गया। शवयात्रा के दौरान बाजारवासी और दुकानदार पॉलिथीन को शव वाहन में डाल रहे थे। लोगों से पॉलीथिन का प्रयोग न करने की अपील की गई। साथ ही जगह-जगह कपड़े के थैले बांटे गए। एसडीएम पंकज कुमार श्रीवास्तव ने पॉलिथीन की थैली को त्यागने का अनुरोध किया। आगे उन्होंने कहा कि आप लोग बाजार जाएं तो कपड़े का थैला जरूर लेकर जाएं। नपं अध्यक्ष हरिशंकर यादव, सीओ सुधाकर सिंह, अरविंद कुमार सिंह, उमेश कुमार, एखलाक अहमद, दीनानाथ शर्मा, शिवकुमार शर्मा, ज्ञानेंद्र मिश्र, किशोर यादव, बहादुर, रामजन्म, इंदल आदि रहे।
धड़ल्ले से जारी है पॉलिथीन का प्रयोग
निजामाबाद/मेंहनगर। नगर पंचायत क्षेत्र में पॉलिथीन का प्रयोग धड़ल्ले से हो रहा है। नगर पंचायत और तहसील प्रशासन द्वारा कोई चेकिंग और छापेमारी अभियान न चलाये जाने से छोटे से लेकर बड़े दुकानदार खुलेआम पॉलिथीन का प्रयोग कर रहे है। नगर पंचायत के साथ ही तहसील क्षेत्र के हर छोटी-बड़ी बाजारों में भी पॉलिथीन पर रोक का कोई असर अब तक नहीं दिखायी दे रहा है। वहीं मेंहनगर नगर पंचायत में सोमवार को एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह की मौजूदगी में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें उन्होंने खुले में शौच और पॉलिथीन के प्रयोग पर रोक लगाने की अपील किया। इस दौरान उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि पॉलिथीन पर लगे रोक को पूरी तरह से लागू कराने के लिए छापेमारी की कार्रवाई करे और जो भी दुकानदार अभी भी पॉलिथीन का प्रयोग कर रहा हो उसे चिन्हित करें। कार्यक्रम को एसडीएम दुष्यंत कुमार और चेयरमैन अशोक कुमार ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन रामबदन कन्नौजिया, अशोक कुमार दूबे, लोकनाथ समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।