आजमगढ़। वन विभाग की ओर से जनपद में चार स्थानों को मिलाकर 10 हेक्टेअर भूमि की व्यवस्था की गई है। अब इन चारो स्थानों पर स्मृति वन की स्थापना की जाएगी। इसके लिए तमसा नदी के किनारे, तमौली, तोवा और भोपतपुर में जमीन का चयन किया गया है। इन जमीनों पर आकांक्षा समिति के द्वारा स्मृति वन की स्थापना की जाएगी।
स्मृति वन की स्थापना के लिए जिला प्रशासन भी भूमि की तलाश की जा रही थी। इसके लिए समस्त तहसीलों से अपने एरिया में स्थित 10 हेक्टेअर भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था। जिला प्रशासन को अभी सभी तहसीलों से भूमि संबंधी जानकारी प्राप्त होती उससे पूर्व ही वन विभाग की ओर से 10 हेक्टेअर भूमि का चयन कर उसकी सूची जिला प्रशासन को उपलब्ध करा दी गई। इस सूची के अनुसार तमसा नदी के तट पर आजमगढ़ रेंज द्वारा 0.50 हेक्टेअर, तमौली गांव में ग्राम समाज की 4.50 हेक्टेअर, मुहम्मदपुर रेंज के तोवा गांव में ग्राम समाज की तीन हेक्टेअर और जहानागंज रेंज के भोपतपुर में स्कूल की दो हेक्टेअर भूमि को स्मृति वन के लिए चयनित किया गया है। इस भूमि पर आकांक्षा समिति की ओर से स्मृति वन की स्थापना की जाएगी। कोई भी व्यक्ति इस वन में 150 रुपये देकर अपनों के नाम पर पौधा लगा सकता है। इस पौधे पर उसका नाम लिखा जाएगा और उसकी देखभाल वन विभाग के जिम्मे होगी।